अनजान शहर में दोस्त से मिलाने वाला स्टार्टअप

स्टार्ट अप प्रॉक्सिमिटी
इमेज कैप्शन, स्टार्ट अप प्रॉक्सिमिटी
    • Author, प्रमोद मल्लिक
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, दिल्ली
  • प्रकाशित

दुनिया की किसी अनजान जगह पर जहां आप किसी को नहीं जानते, अगर आपको पुराना दोस्त मिल जाए तो कैसा हो?

यह मुमकिन है स्टार्ट अप 'प्रॉक्सिमिटी' के ज़रिए.

दिल्ली के 16 साल के स्कूली छात्र तनय कोठारी ने यह कर दिखाया है. इस स्टार्ट अप से तनय के साथ दूसरे छह लोग भी जुड़े हैं.

तनय कोठारी, प्रॉक्सिमिटी के प्रौद्योगिकी प्रमुख
इमेज कैप्शन, तनय कोठारी, प्रॉक्सिमिटी के प्रौद्योगिकी प्रमुख

आरके पुरम स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में 12वीं के छात्र ने जो स्टार्ट अप बनाया है, वह आपके तमाम मित्रों को ढूंढ निकालता है.

इतना ही नहीं आप इस पर लगे ऐप से यह भी पता लगा सकते हैं कि आपका कौन मित्र इस समय इस शहर में है और अगर है तो किस जगह है, वहां आप कैसे पंहुच सकते हैं. आपको उसके घर तक जाने का नक्शा भी मिल जाएगा.

इस फ़ीचर का नाम 'ट्रैवल टाइम' है.

'प्रॉक्सिमिटी' का ट्रैवल टाइम फ़ीचर
इमेज कैप्शन, 'प्रॉक्सिमिटी' का ट्रैवल टाइम फ़ीचर

इसके अलावा अगर आप कहीं जा रहे हैं और चाहते हैं कि आपके मित्र को पहले ही मालूम हो जाए या आप अपने किसी दोस्त को ध्यान में रख कर सफ़र की योजना बनाएं तो ऐसा कर सकते हैं.

ग्राहकों को यह सुविधा देने के लिए प्रॉक्सिमिटी ने फ़ेसबुक का हाथ थामा है.

तनय ने यह स्टार्ट अप उस समय बनाया जब वे मात्र 15 साल के थे.

वे 'इनवेस्टोपैड' नामक संस्था से जुड़े हुए थे. वे उस समय स्टार्ट अप पर काम कर रहे थे और ऐप बना रहे थे.

बीबीसी से बातचीत में तनय कोठारी ने कहा, "एक विदेशी वेंचर कैपिटल फंड ने प्रॉक्सिमिटी में नेिवेश करने में दिलचस्पी दिखाई है. वे इसमें एक लाख अमरीकी डॉलर का निवेश करना चाहते हैं. अगले दो-तीन महीने में इस स्टार्ट अप को पैसे मिल जाएंगे. उसके बाद यह ज़्यादा तेज़ी से विकास करेगा."

'आरिया' आवाज़ पहचान कर वेब ब्राउज़र की तरह काम करता है.
इमेज कैप्शन, 'आरिया' आवाज़ पहचान कर वेब ब्राउज़र की तरह काम करता है.

इस स्टार्ट अप को सब्सक्रिप्शन के आधार पर चलाया जाएगा, यानी इससे जुड़ने के लिए पैसे देने होेंगे.

तनय को उम्मीद है कि इस साल के अंत तक कम से कम एक लाख लोग प्रॉक्सिमिटी से जुड़ जाएंगे.

परिवहन को सस्ता बनाने के लिए प्रॉक्सिमिटी ने उबर से क़रार किया है. उबर अपनी गाड़ी भेज कर एक के बाद एक सभी लोगों को 'पिक अप' कर सकेगी.

इस तरह स्टार्ट अप के ज़रिए 'कार पूलिंग' की व्यवस्था भी हो जाएगी.

स्टार्ट अप 'प्रॉक्सिमिटी'

इसके अलावा तनय कोठारी ने दो अलग ऐप भी बनाए हैं. वे उन्हें भी स्टार्ट अप की शक्ल देने की योजना बना रहे हैं.

उनके बनाया ऐप 'कनवर्ट' की ख़ूबी यह है कि आप इस पर लॉग इन करने के बाद जो गाना सुनना चाहते हैं, सिर्फ उसकी पहली लाइन बोल दें. आपको टाइप करने की ज़रूरत नहीं.

वह गाना दुनिया की किसी भी भाषा की हो, किसी भी साइट पर हो, यह ऐप आपके कहे मुताबिक़, उस गाने को खोजेगा और अगले कुछ सेकंड में वह डाउनलोड हो जाएगा.

तनय का दावा है कि सिर्फ़ सॉफ़्ट लॉन्च के दौरान इस ऐप के ज़रिए 25 लाख गाने डाउनलोड किए गए. इसे एंड्रॉयड एप्लीकेशन पर लाने पर काम चल रहा है.

'आरिया' और 'कनवर्ट' को स्टार्ट अप में तब्दील करने की योजना है.
इमेज कैप्शन, 'आरिया' और 'कनवर्ट' को स्टार्ट अप में तब्दील करने की योजना है.

तनय ने बीबीसी से कहा, "हम इस पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं कि इसे स्टार्ट अप की शक्ल दे दी जाए. इसकी अलग कंपनी हो, अलग प्लेटफॉर्म हो और अलग वित्तीय व्यवस्था हो."

इसी तरह उन्होंने एक और ऐप बनाया है, जिसका नाम है 'आरिया'.

यह ऐप आवाज़ पहचान सकता है और आफ़लाइन काम करता है. यह आवाज़ से ही म्यूज़िक प्लेअर और वेब ब्राउज़र चलाने का काम करता है. इसका एंड्रॉयड वर्ज़न बन रहा है.

इस ऐप के ज़रिए मैसेज भेजा जा सकता है और फ़ोन कॉल भी किया जा सकता है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)