हत्या नहीं, दलित ने की आत्महत्याः खट्टर

इमेज स्रोत, PTI
- Author, दिलनवाज़ पाशा
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता
- प्रकाशित
हरियाणा के सोनीपत में एक दलित की संदिग्ध मौत के मामले को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आत्महत्या बताया है.
उन्होंने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि मौत गले पर दबाव पड़ने से हुई लगती है. उन्होंने इसे छोटी घटना बताते हुए कहा कि इस पर राजनीति न की जाए.
खट्टर ने कहा आत्महत्या की वजह जांच के बाद सामने आएगी.
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को मुआवज़ा दिया गया है. साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी भी दिए जाने की बात कही.
खट्टर ने कहा, "इस तरह के मामलों को जातीय रंग देना सही नहीं है."
सोनीपत पुलिस के मुताबिक इस घटना के संबंध में दो पुलिसकर्मियों के ख़िलाफ़ क़त्ल का केस दर्ज हुआ है.

इमेज स्रोत, THINKSTOCK
पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग ने स्वीकार किया कि इस तरह की घटना गोहाना में हुई है.
स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक़ गोविंदा नाम के एक किशोर के परिजनों ने पुलिस पर 'हिरासत में हत्या' के आरोप लगाए हैं.
उनका कहना है कि पुलिस ने चोरी के मामले में हिरासत में लिए गए 15 साल के किशोर को रिहा करने के बदले रिश्वत की मांग की थी जिसके न दिए जाने पर उसकी हत्या कर दी गई.
पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया है.
गोहाना के थानाध्यक्ष ऋषिकांत ने बीबीसी से कहा, "गोविंदा पर कबूतर चोरी के आरोप लगाए गए थे. लेकिन पुलिस को इस संबंध में कोई शिकायत नहीं दी गई थी. आरोप लगाने वालों और गोविंदा के परिजनों ने बाहर ही फ़ैसला कर लिया."

इमेज स्रोत, Reuters
उन्होंने गोविंदा को हिरासत में लिए जाने की बात से भी मना किया.
ऋषिकांत ने कहा कि गोविंदा का शव उसके घर से ही बरामद किया गया है.
पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार को सौंप दिया है.
लेकिन परिजनों ने शव को रखकर पुलिस के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया है.
ऋषिकांत ने बताया, "परिजनों की तहरीर पर दो एएसआई के ख़िलाफ़ आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है."
हाल में हरियाणा के ही बल्लभगढ़ में एक दलित परिवार के घर में आग लगा दी गई थी. इस घटना में दो बच्चों की मौत हुई थी.
<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>

























