कश्मीर: दो सैनिकों और दो चरमपंथियों की मौत

कश्मीर फाइल फोटो
इमेज कैप्शन, फाइल फोटो
    • Author, रियाज़ मसरूर
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर
  • प्रकाशित

भारत प्रशासित कश्मीर में सैन्य अधिकारियों का कहना है कि चरमपंथियों के साथ रात भर चली मुठभेड़ में दो सैनिक मारे गए हैं और ऑपरेशन जारी है.

कर्नल एनएन जोशी ने बीबीसी को बताया कि गुरूवार शाम मिली एक सूचना के आधार पर सेना ने श्रीनगर के उत्तर में 70 किलोमीटर दूर कुपवाड़ा के राजवर के जंगली इलाके की घेराबंदी की.

उन्होंने बताया कि चरमपंथियों ने सैन्य दस्ते पर घात लगाकर हमला किया जिसमें दो जवान मारे गए.

कर्नल जोशी ने कहा," अभी तक हमारे जवानों ने दो चरमपंथियों को मारा है. उनकी शिनाख्त की जा रही है और सैन्य कार्रवाई अभी जारी है."

भारत-पाकिस्तान की सेना के अधिकारी सीमा पर तनाव खत्म करने की ताज़ा कोशिश के तहत बातचीत कर रहे हैं और इस दौरान कश्मीर में चरमपंथी हिंसा में बढ़ोतरी हुई है.

स्थिति तनावपूर्ण

कश्मीर फाइल फोटो
इमेज कैप्शन, फाइल फोटो

कुपवाड़ा ज़िला नियंत्रण रेखा के करीब है जो कश्मीर क्षेत्र को दोनों देशों के बीच बांटने वाली सीमा है.

पिछले महीने भी कुपवाड़ा में हिंसा की दो घटनाओं में सेना के दो जवान और पांच चरमपंथी मारे गए थे.

इससे पहले सोपोर में एक लंबी मुठभेड़ के दौरान चरमपंथी मारा गया था. इसी सैन्य कार्रवाई में भारतीय सेना के एक जवान की भी मौत हो गई.

कश्मीर घाटी में भारतीय सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां चरमपंथियों के खिलाफ अपनी गतिविधियां तेज़ कर रही हैं.

'चरमपंथी भाग रहे हैं'

भारतीय सैनिक

पुलिस का कहना है कि अलग-अलग मुठभेड़ों में कम से कम 60 चरमपंथी मारे गए हैं.

जब सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी से पूछा गया कि क्या हिंसा में तेज़ी से निपटना एक नई चुनौती है, तो उन्होंने कहा, "ये तो साफ है कि अब चरमपंथी भाग रहे हैं. हम जंगलों और गांवों में उनका पीछा कर रहे हैं. इसका मतलब हिंसा में तेज़ी आना नहीं है."

इस बीच श्रीनगर और अन्य प्रमुख शहरों में और उसके आसपास पुलिस और अर्धसैन्य बलों की टुकड़ियां तैनात की गई हैं, ताकि राज्य में गोमांस पर कोर्ट के प्रतिबंध के आदेश के खिलाफ हिंसक प्रदर्शनों को रोका जा सके.

कई अलगाववादी दलों ने शनिवार को घाटी में बंद का आह्वान किया है.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां <link type="page"><caption> क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें<link type="page"><caption> फ़ेसबुक </caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link>और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>