मोदी के स्वागत में काले चश्मे पर डीएम को नोटिस

मोदी के अगवानी करते डीएम अमित कटारिया

इमेज स्रोत, CG KHABAR

    • Author, आलोक प्रकाश पुतुल
    • पदनाम, रायपुर से, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
  • प्रकाशित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवानी करते समय काला चश्मा लगाने वाले बस्तर के कलेक्टर अमित कटारिया को राज्य सरकार ने नोटिस जारी किया है.

हालाँकि अमित कटारिया ने अभी तक नोटिस नहीं मिलने की बात कही है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 मई को छत्तीसगढ़ के जगदलपुर और दंतेवाड़ा गए थे जहां उनकी अगवानी ज़िला कलेक्टर अमित कटारिया ने की थी.

कटारिया ने प्रधानमंत्री से जिस समय मुलाक़ात की, तब उन्होंने काले रंग का चश्मा पहन रखा था.

'आचार संहिता के विपरीत'

नोटिस

इमेज स्रोत, BBC World Service

सामान्य प्रशासन विभाग के विशेष सचिव डीडी सिंह ने अब बस्तर कलेक्टर को नोटिस जारी किया है.

नोटिस में कहा गया है कि प्रधानमंत्री की अगवानी के दौरान पहनी गई पोशाक रस्मी नहीं थी. साथ ही धूप का चश्मा लगा कर अगवानी की गई, जो कि सेवा आचार संहिता के विपरीत है.

नोटिस में कटारिया को भविष्य में ऐसा कृत्य दोबारा नहीं करने के लिए सचेत किया गया है.

कलेक्टर अमित कटारिया के अलावा इस पत्र की प्रतिलिपि कई वरिष्ठ अधिकारियों समेत राज्य के सभी दूसरे कलेक्टरों को भी भेजी गई है.

इमेज स्रोत, CG KHABAR

राज्य में इससे पहले भी हाईकोर्ट आईएएस अधिकारियों को ड्रेस कोड का पालन नहीं करने के लिए चेतावनी दे चुका है.

अमित कटारिया को जारी किए गए इस नोटिस की सोशल मीडिया पर ख़ूब चर्चा है.

सोशल मीडिया में एक बड़ा वर्ग इस बात से नाराज़ है कि राज्य और देश के मंत्री भी लोकसेवक हैं. उनके लिए इस तरह का कोई ड्रेस कोड क्यों नहीं है.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.) </bold>