न्यूज़ अलर्ट: मोदी आज जाएंगे जाफ़ना

प्रकाशित

अपनी श्रीलंका यात्रा के दूसरे दिन शनिवार को भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिल-बहुल इलाक़े जाफ़ना जाएंगे.

जाफ़ना जाने वाले नरेंद्र मोदी पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे.

अपनी इस यात्रा के दौरान नरेंद्र मोदी एक सांस्कृतिक केंद्र की शुरुआत करेंगे और गृहयुद्ध के दौरान प्रभावित करीब 50,000 परिवारों को घर सौंपेंगे.

श्रीलंका के इस तमिल-बहुल इलाके में मोदी की यात्रा को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

एक दिन पहले श्रीलंका की संसद में बोलते हुए नरेंद्र मोदी ने सभी को साथ लेकर चलने की बात कही थी.

टिकरित की लड़ाई

टिकरित शहर पर कब्ज़े के लिए इस्लामिक स्टेट के चरमपंथियों और इराकी सेना के बीच भीषण युद्ध जारी है. अधिकारियों के मुताबिक सेना कई दिशाओं से टिकरित के भीतर दाखिल हो रही है.

रिपोर्टों के मुताबिक इराकी सैनिकों और शिया सहायक सेनाओं ने एक पुलिस मुख्यालय और एक अस्पताल पर कब्ज़ा कर लिया है.

हज़ारों इराकी सैनिक और सहयोगी लगातार इस्लामिक स्टेट के चरमपंथियों के खिलाफ़ गोलीबारी कर रहे हैं और ऐसा लगा रहा है कि इस्लामिक स्टेट की स्थिति कमज़ोर हो रही है.

फर्गसन में तलाश

अमरीका के फ़र्गसन में अधिकारी दो पुलिसकर्मियों पर गोली चलाकर उन्हें घायल करने वालों को ढूंढ रहे है.

अगस्त में एक गोरे पुलिस अधिकारी के हाथों एक काले युवा की हत्या के बाद नस्लभेद को लेकर तनाव बढ़ गया था.

अमरीका के एटॉर्नी जनरल ने पुलिसकर्मियों पर हमले की निंदा की थी.

मिस्र कान्फ़्रेंस

मिस्र की अर्थव्यवस्था में जान फूंकने की कोशिश के तहत शुक्रवार को शुरू हुई बैठक का आज दूसरा दिन होगा.

शुक्रवार को शर्म-अल-शेख़ में शुरू हुई इस बैठक में भारत के अलावा कई देश हिस्सा ले रहे हैं.

बैठक के पहले दिन कुवैत, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात ने मिस्र की अर्थव्यवस्था में 12 अरब डॉलर के निवेश की बात कही थी.

अमरीका ने भी मिस्र की अर्थव्यवस्था को पूरा समर्थन देने की बात कही है.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां <link type="page"><caption> क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>