दिल्ली में शह और मात का खेल

प्रकाशित

जिन ख़बरों के शनिवार को सुर्ख़ियों में रहने की संभावना है, उनमें दिल्ली की चुनावी हलचल, सरकार और सेंसर बोर्ड का टकराव और जापानी विदेश मंत्री का भारत दौरा शामिल हैं.

दिल्ली चुनाव

कड़ाके की सर्दी के बीच दिल्ली में सियासी पारा लगातार बढ़ रहा है. भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच शह और मात का खेल जारी है.

कभी आप नेता अरविंद केजरीवाल के साथी रहीं किरण बेदी और शाजिया इल्मी भाजपा का दामन थाम चुकी हैं तो दूसरी तरफ़ बिजली के मीटरों को लेकर केजरीवाल दिल्ली भाजपा को घेरने में कसर नहीं छोड़ रहे हैं.

एमएसजी पर विवाद

पंजाब और हरियाणा में डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख राम रहीम की फिल्म 'एमएसजी' को लेकर कई जगह विरोध हो रहा है. वहीं इस फ़िल्म को मंजूरी मिलने पर सेंसर बोर्ड और सरकार के बीच नया विवाद पैदा हो गया है. इस मुद्दे के आज भी गर्म रहने की उम्मीद है.

रणनीतिक वार्ता

जापान के विदेश मंत्री फुमियो किशिदा इन दिनों भारत यात्रा पर हैं. आज वो भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के साथ रणनीतिक वार्ता करेंगे और दिल्ली में एक थिंकटैंक में उनका एक भाषण देने का भी कार्यक्रम है.

यूरोप में हाई अलर्ट

जिहादियों की धमकियों के मद्देनजर यूरोप हाई अलर्ट पर है.

पेरिस में पिछले दिनों हुए हमलों के बाद कई जगहों पर मारे गए छापों में दर्जनों लोगों को गिरफ़्तार किया गया है जबकि बेल्जियम में सुरक्षा बलों के अभियान में दो संदिग्धों की मौत ने इस ख़तरे को और बढ़ा दिया है.

कोबे भूकंप की बरसी

जापान में आज कोबे भूकंप की बीसवीं बरसी है. 17 जनवरी 1995 को आए इस भूकंप में छह हजार से ज़्यादा लोग मारे गए थे.

पोप जाएंगे टेक्लोबान

फिलीपींस का दौरा कर रहे पोप फ्रांसिस आज टेक्लोबान शहर जाएंगे जहां वो 2013 में आए ज़बरदस्त तूफ़ान हैयान के पीड़ितों के साथ समय बिताएंगे.

मिलान फैशन वीक

अंतरराष्ट्रीय फ़ैशन का एक बड़ा केंद्र माने जाने वाले इटली के शहर मिलान में आज 'मिलान फैशन वीक' का पहला दिन है.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें.</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>