'बैड बॉय' गुलशन ग्रोवर की वापसी

प्रकाशित

बॉलीवुड के ओरिजनल बैडमैन गुलशन ग्रोवर काफ़ी समय से फ़िल्मों से गायब नज़र आ रहे थे.

उनसे जुड़े लोगों ने बताया कि वो कुछ समय से विदेश में हैं. ऐसा लग रहा था कि कहीं गुलशन ग्रोवर ने बॉलीवुड से करियर ब्रेक तो नहीं ले लिया.

लेकिन ऐसा नहीं है. क्योंकि गुलशन ग्रोवर दरअसल दीपा मेहता की एक कैनेडियन -अमेरिकन फ़िल्म 'बीबा बॉयज़' के लिए शूट कर रहे थे.

बॉलिवुड-हॉलीवुड

गुलशन ग्रोवर का हॉलीवुड से नाता पुराना है.

कबीर बेदी, नसीरूद्दीन शाह और ओम पुरी की राह पर चलते हुए गुलशन ग्रोवर भी 1996 में 'सेकेंड जंगल बुक' में काम कर चुके हैं.

इसके साथ ही फ़िल्म 'डेसपेरेट एंडीवर्स' में मुख्य विलेन की भूमिका के लिए गुलशन को कई अवार्ड भी मिल चुके हैं.

गुलशन ने कहा भी है, "हॉलीवुड में मैंने काफ़ी समय बिताया है और वहां आप इतने टाईपकास्ट भी नहीं होते हैं क्योंकि वहां ज़रूरी नहीं कि एक फ़िल्म में विलेन बनने के बाद आपको कोई हीरो नहीं बनाएगा."

गुलशन बीबा बॉयज़ के किरदार को लेकर भी आशान्वित हैं.

टोरंटो फ़िल्म फ़ेस्टिवल

दीपा मेहता की अमेरिकन-कैनेडियन फ़िल्म 'बीबा बॉयज़' में गुलशन ग्रोवर एक अरसे बाद बड़े ओवरसीज़ प्रोजेक्ट में नज़र आने वाले हैं.

इस फ़िल्म को सबसे पहले कनाडा में होने वाले 'टोरंटो फ़िल्म फ़ेस्टिवल' में प्रदर्शित किया जाएगा.

दीपा मेहता तो बातचीत के लिए उपलब्ध नहीं थी लेकिन फ़िल्म की निर्माण टीम ने बताया, "यह फ़िल्म वास्तविक घटनाओं और किरदारों से प्रेरित है और गुलशन के साथ इस फ़िल्म में रणदीप हुड्डा भी अहम भूमिका में हैं."

टाइपकास्ट

दीपा मेहता पहले भी अपनी फ़िल्म जैसे 'वॉटर' और 'मिडनाईट्स चिलड्रन' से सुर्खियां बटोर चुकीं है और वो इस बात के लिए जानी जाती हैं कि वो अपनी फ़िल्मों में प्रयोग करती हैं.

गुलशन को भी उम्मीद है कि इस फ़िल्म से उनकी एक नई इमेज दर्शकों के सामने होगी.

गुलशन ग्रोवर

गुलशन एक एनआरआई सिख का किरदार निभा रहे हैं, "इस फ़िल्म में मेरे लिए काफ़ी कुछ है. मैं इस फ़िल्म में बाग़ी ज़रूर हूं लेकिन विलेन नहीं और यही फ़िल्म की ख़ासियत है."

गुलशन - दीपा और रणदीप की तिकड़ी वाली इस फ़िल्म से निर्माताओं को काफ़ी उम्मीदें हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)