अधेड़ सुपरस्टार्स पर दिबाकर की चुटकी

सुशांत सिंह राजपूत, दिबाकर बनर्जी
    • Author, मनीष शुक्ला
    • पदनाम, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
  • प्रकाशित

भारतीय शरलॉक होम्स के नाम से मशहूर किरदार ब्योमकेश बख़्शी पर जब दिबाकर बनर्जी ने फ़िल्म बनाने का फ़ैसला किया तो उनके हीरो के चयन पर कई लोगों को हैरानी हुई.

अपनी इस महत्वकांक्षी फ़िल्म के लिए किसी स्थापित 'ख़ान सुपरस्टार' या दूसरे बड़े किसी सुपरस्टार को ना लेकर उन्होंने चुना अपेक्षाकृत नए सुशांत सिंह राजपूत को.

फ़िल्म के ट्रेलर लॉन्च पर दिबाकर बनर्जी ने इसकी वजह बताते हुए कहा, "मुझे 45 साल के हीरो के साथ 22 साल की हीरोइन को लेकर मसाला फ़िल्में नहीं बनानी हैं. मैं चाहता हूं कि नई प्रतिभाओं और विचारों को बढ़ावा दिया जाए, ताकि भारतीय सिनेमा का भविष्य बदले.”

सुशांत सिंह राजपूत

फ़िल्म की कहानी बांग्ला लेखक शरदेंदु बंदोपाध्याय की लिखी 'डिटेक्ट‍िव ब्योमकेश बख़्शी' की कहानियों पर आधारित है.

साल 1932 से लेकर 1970 तक के दौर में ये भारतीय जासूसी किरदार काफ़ी मशहूर रहा.

कहानी

फ़िल्म में 1940 के दशक के कोलकाता को दिखाया गया है. आज़ादी के पहले के भारत में, विश्व यु्द्ध की साज़िशों के बीच एक जासूस ब्योमकेश एक बुरे व्यक्ति के ख़िलाफ़ खड़ा होता है, जो दुनिया को ख़त्म करना चाहता है.

टीवी सीरियल ब्योमकेश बक्शी

वैसे इस किरदार को चाहने वाले लोगों के ज़ेहन में 1990 के दशक में दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले ब्योमकेश बख़्शी सीरियल की यादें अब भी ताज़ा हैं.

33 एपिसोड के इस चर्चित धारावाहिक में केंद्रीय भूमिका निभाई थी रजत कपूर ने.

'हॉलीवुड से बेहतर'

'ब्योमकेश बक्शी'

दिबाकर, अच्छी फ़िल्मों के लिए हॉलीवुड का उदाहरण देने वाले लोगों से बेहद ख़फ़ा होते हैं.

वो कहते हैं, "जब लोग कहते हैं कि बैटमैन, सुपरमैन वग़ैहर कितनी अच्छी फ़िल्में हैं तो मेरा ख़ून खौल जाता है, क्योंकि हमारे पास उनसे बेहतर कॉन्सेप्ट हैं और हम बेहतर फ़िल्में बना सकते हैं.”

दिबाकर बनर्जी, सुशांत सिंह राजपूत

यशराज प्रोडक्शन के बैनर तले बनने वाली इस फ़िल्म में सुशांत के अलावा स्वास्तिका मुखर्जी, दिव्य मेनन और मेयांग चांग भी अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे.

फ़िल्म तीन अप्रैल को रिलीज़ होगी.

(बीबीसी हिंदी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)