लाखों में खेलता शाहरुख़ का हमशक़्ल!

प्रशांत वाल्डे
    • Author, मधु पाल
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता
  • प्रकाशित

हमशक़्ल होने का फ़ायदा प्रशांत वाल्डे से बेहतर और कोई नहीं जान सकता.

नागपुर के रहने वाले प्रशांत वाल्डे बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख़ ख़ान के हमशक़्ल हैं और यही उनकी कमाई का ज़रिया है.

पढ़िए पूरी रिपोर्ट

नागपुर के मिमिक्री आर्टिस्ट प्रशांत वाल्डे को कुछ दूर से देखने पर किसी को शाहरुख़ ख़ान होने का भ्रम हो सकता है.

मूलरूप से नागपुर के रहनेवाले प्रशांत को जबसे उनके आस-पड़ोस के लोगों ने उन्हें शाहरुख़ ख़ान का हमशक़्ल कहकर पुकारा, तब से उन्होंने मुंबई को अपना घर और बॉलीवुड को अपनी कर्मभूमि बना लिया है.

प्रशांत के मुताबिक आज से 15 साल पहले नागपुर से जब वो मुंबई आए तो सबसे पहले शाहरुख़ के घर 'मन्नत' के दर्शन किए और 'मन्नत' जाकर रोज़ शाहरुख़ ख़ान से मिलने की मन्नत करते थे.

हमशक़्ल कैसे बने?

प्रशांत वाल्डे और शाहरुख़ ख़ान

प्रशांत बताते हैं, "नागपुर में मैं कई स्टेज शोज़ और सुपरस्टार्स की मिमिक्री किया करता था. जब मैं शाहरुख़ ख़ान की मिमिक्री करता था तो मुझे ख़ूब तालियां मिलती थीं. उसके बाद से तो शोज़ ऑर्गेनाइज़र्स मुझे सिर्फ़ शाहरुख़ की मिमिक्री करने का ऑफ़र देने लगे."

वो आगे कहते हैं, "चार महीनों में मैंने शाहरुख़ की तरह चलना, सोना, रोना और हंसना सीखा. मुझे सपनों में भी शाहरुख़ ही दिखाई दे रहे थे. मैंने सोचा कि मुझे अपनी एक्टिंग को सीरियसली लेकर एक चांस लेना चाहिए और आज मैं यहां हूं."

विज्ञापन और फ़िल्में

prashant_walde_3

विज्ञापनों में प्रशांत को शाहरुख़ की डमी के रूप में इस्तेमाल किया जाता है और जब शॉट फाइनल हो जाता है. तब असली शाहरुख़ ख़ान को बुला लिया जाता है.

पर विज्ञापनों के अलावा क्या फ़िल्मों में भी प्रशांत काम करते हैं.

प्रशांत की मानें तो वो 'ओम शांति ओम' ,'डॉन 2' और 'चेन्नई एक्सप्रेस' जैसी फ़िल्मों में शाहरुख़ के साथ काम कर चुके हैं और अब यशराज की आने वाली फ़िल्म 'फ़ैन' में शाहरुख़ ख़ान के साथ काम कर रहे हैं.

प्रशांत वाल्डे

प्रशांत कहते हैं, "शाहरुख़ काफ़ी व्यस्त और महंगे एक्टर हैं और उनके पास ज़्यादा समय नहीं रहता. उनका एक-एक मिनट काफ़ी कीमती है इसलिए जब किसी लंबे शॉट की ज़रूरत होती है जिसमें चेहरा साफ़ दिखाना जरूरी न हो, तब मैं जाता हूं. इसके अलावा, जब शाहरुख़ की बॉडी पीछे से दिखानी हो और वे उपलब्ध न हों, तब भी मैं ही शॉट दिया करता हूं."

शाहरुख़ ख़ान के हमशक्ल होने की वजह से प्रशांत को दीपिका, प्रियंका जैसी अभिनेत्रियों के साथ भी काम करने का मौका मिला.

एक्शन सीन और मेहनताना

प्रशांत वाल्डे

अभिनेताओं के हमशक़्ल को कई ऐसे स्टंट्स भी करने होते हैं जिनमें जान का ख़तरा बना रहता है.

तो क्या प्रशांत ने भी शाहरुख़ के लिए कुछ ऐसे स्टंट्स किए हैं?

प्रशांत कहते है, "नहीं, एक्शन सीन देना डुप्लीकेट का काम है, मैं तो उनका हमशक़्ल हूं. डुप्लीकेट मास्क पहनता है और स्टंट करता है. वे स्टंटमैन की तरह होते हैं, जिन्हें एक्शन सीन के लिए बाकायदा ट्रेनिंग दी जाती है."

प्रशांत वाल्डे

पर शाहरुख़ ख़ान का हमशक़्ल होने पर लगभग कितने पैसे कमा लेते हैं प्रशांत?

वे कहते हैं, "मुझे 25 हजार रुपए प्रतिदिन मिलता है और महीने में अगर सिर्फ 10-15 दिन काम किया तो 15 दिन की कमाई करीब तीन लाख रुपए होती है और अगर पूरे महीने काम करता हूं तो छह से सात लाख बन जाते है."

प्रशांत आगे कहते हैं, "कभी -कभी विदेशों में स्टेज शो करता हूं. मुझे कई बार शाहरुख़ की तरह परफ़ॉर्म करने के लिए बाहर बुलाया जा चुका है. वहां भी कुछ कमाई हो जाती है."

कैसे मिले शाहरुख़ से

प्रशांत वाल्डे और शाहरुख़ ख़ान

हर अभिनेता के हमशक़्ल की एक ख़्वाहिश होती है कि वो उस अभिनेता से ज़रूर मिले. शाहरुख़ ख़ान से मिलने का मौका प्रशांत को कैसे मिला?

प्रशांत वाल्डे और रोहित शेट्टी

प्रशांत ने बताया, "मुझे बड़ा ब्रेक एक विज्ञापन के बाद मिला, जिसमें मैंने शाहरुख़ की तरह एक्टिंग की थी. सबको पता चल गया कि मार्केट में शाहरुख़ का एक हमशक़्ल आया है, जो एक्टिंग भी अच्छी करता है. विज्ञापन काफ़ी पॉपुलर हुआ और मुझे फ़राह ख़ान ने 'ओम शांति ओम' के ऑडिशन के लिए बुला लिया और मैं सेलेक्ट हो गया. बस वहीं मेरी मुलाक़ात शाहरुख़ से हुई."

शाहरुख़ प्रशांत के बारे में सारी जानकारी रखते हैं. जब भी वे सेट पर आते हैं तो प्रोड्यूसर से ज़रूर पूछते हैं कि प्रशांत ने कैसा काम किया. उसके बाद शाहरुख़ प्रशांत को सीन विस्तार में समझाते हैं.

(बीबीसी हिंदी के <link type="page"><caption> एंड्रॉएड ऐप</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)