ये हैं बिग बॉस के बड़े लफड़े

सनी लियोनी
प्रकाशित

सेलेब्रिटी रियलिटी शो 'बिग बॉस' के हर संस्करण में होती है तीखी तकरार, प्रतियोगियों के बीच नोंक-झोंक, प्यार-मोहब्बत के किस्से से लेकर कई बार मारपीट की नौबत तक आ जाती है.

हालांकि इसे कई लोग लोकप्रियता हासिल करने की सस्ती कोशिश भी करार देते हैं.

शो का आठवां संस्करण रविवार रात से शुरू हो रहा है.

एक नज़र इस शो के अब तक के कुछ बड़े विवादों पर.

1. अरमान बनाम सोफ़िया

'बिग बॉस'

'बिग बॉस-7' (साल 2013) में अरमान कोहली और सोफ़िया हयात के बीच झगड़ा शुरू हुआ, बढ़ा और बढ़ता चला गया.

शो से निकलने के बाद सोफ़िया ने अरमान पर ना सिर्फ़ गाली-गलौज करने का बल्कि मार-पीट करने का भी आरोप लगाया और पुलिस में रिपोर्ट भी दर्ज करा दी.

जिसके बाद पुलिस उन्हें 'बिग बॉस' हाउस से हिरासत में ले गई.

2. इमाम सिद्दीक़ी

इमाम सिद्दीक़ी

'बिग बॉस' के छठे संस्करण (2012) में कास्टिंग डायरेक्टर इमाम सिद्दिक़ी के अपने सहप्रतियोगियों से झगड़े ख़ासे चर्चा का केंद्र बने.

शो की दूसरी प्रतियोगी आशका गोराडिया का उन्होंने जमकर मज़ाक उड़ाया और परेशान किया.

शो के होस्ट सलमान ख़ान से भी उनकी तू-तू, मैं-मैं हुई.

उन्होंने अश्लील कपड़े भी पहने और कुछ प्रतियोगियों को एक कमरे में बंद भी कर दिया. जिसकी वजह से उन्हें 'बिग बॉस' से बाहर कर दिया गया था.

3. महक बनाम आकाशदीप

'बिग बॉस'

शो के पांचवें संस्करण (2011) में आकाशदीप सहगल और महक चहल के बीच लड़ाई भी बहुत चर्चित रही.

आकाशदीप, अपने व्यक्तित्व के बारे में महक की राय से नाखुश थे और जब महक ने उनकी बातों को नज़रअंदाज़ किया तो आकाशदीप अपना आपा खो बैठे.

उन्होंने महक के चरित्र के बारे में कुछ आपत्तिजनक बातें कहीं और दोनों के बीच जमकर कहासुनी हुई.

बाद में शो के मेज़बान सलमान ख़ान के बीच-बचाव के बाद स्थिति नियंत्रित हुई.

इसी संस्करण में अमरीकी पोर्न स्टार सनी लियोनी की एंट्री हुई जिन्हें बाद में महेश भट्ट ने अपनी फ़िल्म 'जिस्म-2' में मौक़ा दिया.

4. अश्लीलता के आरोप

पामेला एंडरसन

शो के चौथे संस्करण (2010) में कई विवाद हुए.

प्रतियोगी डॉली बिंद्रा और श्वेता तिवारी के बीच जमकर झगड़े हुए और दोनों ने एक-दूसरे के बारे में कई आपत्तिजनक बातें भी कहीं.

इसी संस्करण में तीन दिनों के लिए मशहूर हॉलीवुड हस्ती पॉमेला एंडरसन की एंट्री हुई.

शो के दौरान पाकिस्तानी कलाकार वीना मलिक और भारतीय अभिनेता अस्मित पटेल की नज़दीकियां भी चर्चित रहीं.

इसी संस्करण के दौरान शो के आपत्तिजनक कंटेट और कुछ अंतरंग दृश्यों की वजह से भारत सरकार ने शो को टीवी के प्राइम टाइम यानी रात नौ बजे से हटाने का भी निर्देश दिया.

हालांकि बाद में बॉम्बे हाईकोर्ट ने शो को वापस प्राइम टाइम पर लाने की मंज़ूरी दे दी.

5. कमाल बनाम रोहित

'बिग बॉस'

शो के तीसरे संस्करण (2009) में अभिनेता कमाल राशिद ख़ान के दूसरे प्रतियोगियों राजू श्रीवास्तव और रोहित वर्मा से जमकर झगड़े और कहासुनी हुई.

एक एपिसोड के दौरान कमाल और रोहित के बीच तक़रार इतनी बढ़ी कि कमाल ने रोहित पर एक बोतल दे मारी.

लेकिन कमाल के ग़ुस्से के साथ-साथ उनका निशाना भी बहुत ख़राब था और वो बॉटल रोहित को ना लगकर शमिता शेट्टी को जा लगी.

इसके अलावा शो में राहुल महाजन और पायल रोहतगी के बीच के अंतरंग संबंध, शो के दौरान सारा हसन और अली मर्चेंट का निकाह और राजा चौधरी-संभावना सेठ की दोस्ती भी चर्चित रही.

<bold>(बीबीसी हिंदी के <link type="page"><caption> एंड्रॉएड ऐप</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>