नायिका गर्भवती है, तो कॉमेडी शो पर सलमान

दिया और बाती हम
प्रकाशित

पिछले हफ़्ते की तरह इस हफ़्ते भी टेलीविज़न पर फ़िक्शन धारावाहिकों का जलवा जारी है. शशि और सुमित मित्तल का शो 'दिया और बाती हम' पहले स्थान पर बरक़रार है.

आख़िर हो भी क्यों ना संध्या ने जो सपना देखा था आख़िरकार वो पूरा होने को आया और वो पुलिस ट्रेनिंग पाने के लिए चल दीं.

'दिया और बाती हम' के लेखक बहुत दिमाग़ लगाकर कहानी में जो ट्विस्ट लेकर आए थे उसमें वो सफल हो गए.

फ़िलहाल जो दिखाया जा रहा है उसके मुताबिक़ संध्या गर्भवती है और उसे लेने के लिए ससुराल वाले पहुंचते हैं. ये अचानक हुआ बदलाव दर्शकों शायद पसंद करेंगे.

दूसरा स्थान

दूसरे नंबर पर हैं स्टैंड अप कॉमेडियन कपिल शर्मा. मानना पड़ेगा कि उन्होंने बड़ी छलांग लगाई इस बार अपने शो में.

आख़िरकार ख़ुद सलमान ख़ान जो आए थे इस हफ़्ते उनके कार्यक्रम में तो इसका पूरा फ़ायदा उठाते हुए टीआरपी की दौड़ में 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल शर्मा' रहा दूसरे नंबर पर.

तीसरा स्थान

तीसरे नंबर पर है गोपी और अहम की कहानी 'साथिया'. शो में बहुत जल्द बड़े बदलाव दिखाई देंगे और उसके बाद क्या हाल होगा वो अगले हफ़्ते की टीआरपी से पता चल जाएगा.

शो में गोपी का लुक बदलने वाला है और कुछ नए कलाकार भी दिखाई देंगे.

चौथा स्थान

तारक मेहता
इमेज कैप्शन, तारक मेहता को छह साल होने को आए लेकिन इसकी टीआरपी बरक़रार है

चौथे स्थान पर हैं जेठालाल और उनका अनोखा परिवार यानी 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा'. 6 जुलाई 2014 को इस शो को छह साल पूरे हो जाएंगे. दिलीप जोशी और दिशा वकानी की कॉमेडी का तड़का लगातार दर्शकों की पसंद बना हुआ है.

पांचवा स्थान

पांचवे नंबर पर है राजन शाही का पारिवारिक ड्रामा 'ये रिश्ता क्या कहलाता है'. शो में फ़िलहाल हलचल बहुत है क्योंकि अक्षरा बहुत कोशिश कर रही हैं कि किसी भी तरह अपने ससुर जी की दोबारा शादी करवाएं.

'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में अक्षरा अपने ससुर की शादी कराने की कोशिश में हैं.
इमेज कैप्शन, 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में अक्षरा अपने ससुर की शादी कराने की कोशिश में हैं.

ज़ाहिर है दर्शक भी इसका नतीजा देखने के लिए काफ़ी उत्सुक हैं और इस शो पर भी नायिका यानी अक्षरा मां बनने वाली हैं. अब देखना ये है कि अक्षरा वाकई गर्भवती है या ये सिर्फ़ ग़लत संकेतों का मामला है.

इस हफ़्ते दो अवॉर्ड शो भी थे जिनमें से स्क्रीन अवॉर्ड्स को 9 टीवीएम मिला है और क्यों ना हो जब किंग ख़ान अपनी पूरी ताक़त लगाकर शो की मेज़बानी करेंगे तो असर पड़ना लाजमी है.

चैनलों की होड़ पर देखें तो पहले नंबर पर रहा स्टार प्लस, दूसरे स्थान पर रहा चैनल कलर्स का और तीसरा नंबर रहा ज़ी टीवी का.

<bold>(बीबीसी हिंदी का एंड्रॉयड मोबाइल ऐप डाउनलोड करने के लिए <link type="page"><caption> क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप ख़बरें पढ़ने और अपनी राय देने के लिए <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> पन्ने पर भी आ सकते हैं और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>