अई वेईवेई को वेबकैम बंद करने का आदेश

चीनी कलाकार अई वेईवेई
इमेज कैप्शन, प्रशासन ने अई वेईवेई को उनके घर में लगे वेबकैम बंद करने का आदेश दिया है.
प्रकाशित

चीन के मुखर कलाकार अई वेईवेई ने पुलिस के आदेश पर अपने घर में लगे चार लाइव वेब कैमरे बंद कर दिए हैं.

अई ने ये कैमरे दो दिन पहले मंगलवार को प्रशासन द्वारा उन्हें हिरासत में लिए जाने की पहली वर्षगांठ के मौके पर लगाए थे.

पुलिस ने इस आदेश की कोई वजह नहीं बताई है लेकिन अई अब भी प्रोबेशन पर हैं और उनका कहना है कि उनके पास आदेश का पालन करने के अलावा कोई चारा नहीं था.

अई का कहना था कि चीनी अधिकारियों ने उन्हें बुधवार दोपहर को वेबकैम हटाने का आदेश दिया.

उन्हें पिछले साल राजनीतिक कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई के दौरान पकड़कर 81 दिन तक हिरासत में रखा गया था.

अई वेईवेई फ़िलहाल अपनी कंपनी पर लगे कर चोरी के आरोप का सामना कर रहे हैं. जून 2011 में हिरासत से रिहाई के बाद उनकी डिज़ाइन कंपनी, फ़ेक कल्चरल डेवेलपमेंट लिमिटिड, के ख़िलाफ़ कर चोरी के आरोप लगाए गए थे.

पारदर्शिता

कार्यकर्ताओं का कहना है कि अई वेईवेई की कंपनी के ख़िलाफ़ आरोप राजनीति से प्रेरित हैं क्योंकि अंतरराष्ट्रीय-ख्याति प्राप्त वेईवेई अक़सर सरकार के मुखर आलोचक रहे हैं.

बीबीसी से बातचीत में अई ने कहा कि उन्हें वेबकैम बंद करने के आदेश की वजह नहीं पता. उनका कहना था, "मुझे तो ये भी नहीं पता कि मुझे 81 दिनों तक क्यों हिरासत में रखा गया. इसके बारे में कभी भी साफ़ और तर्कसंगत चर्चा नहीं हुई."

अपने घर में वेबकैम लगाने के बारे में वेईवेई का कहना था कि पिछले साल उनकी हिरासत के बाद से लोगों को उनकी गतिविधियों और ठिकानों के बारे में चिंता हो रही थी.

उन्होंने ये फ़ैसला इसलिए लिया ताकि उनका परिवार, दोस्त और अधिकारी उनके हर कदम को देख सकें. उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि इससे हर पक्ष की पारदर्शिता बढ़ेगी.

लेकिन वेबकैम बंद करने के बाद अई ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा, "सभी कैमरे बंद कर दिए गए हैं. सभी ताक-झांक करने वालों को अलविदा."