अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ पर मुंबई के जुहू में फ़ायरिंग, पुलिस ने क्या बताया

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ की कार पर मुंबई में रविवार शाम को अज्ञात हमलावरों ने फ़ायरिंग की. इस घटना में उनका ड्राइवर घायल हुआ है.
बीसीसी न्यूज़ मराठी के मुताबिक़, मुंबई के विले पार्ले पश्चिम में जुहू पुलिस थाने की सीमा के भीतर गोलीबारी की घटना की रिपोर्ट है. मुंबई के वेस्ट ज़ोन-2 के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) मोहित गर्ग ने टाइगर श्रॉफ़ से जुड़ी गोलीबारी की घटना की पुष्टि की है.
मुंबई पुलिस के मुताबिक़, गोलीबारी में दो लोग घायल हुए हैं, जिनमें टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर फिरदौस भी शामिल हैं. उनके बाएं हाथ में गोली लगी है.
डीसीपी मोहित गर्ग के मुताबिक़, "टाइगर श्रॉफ़ सुरक्षित हैं. उन्हें गोली नहीं लगी है और वे घायल नहीं हुए हैं."
डीसीपी गर्ग ने कहा, "यह घटना शाम करीब 7 बजे की है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह किसी निजी काम से आए थे. काम ख़त्म होने के बाद जब वह जा रहे थे, तभी यह घटना घटी."
इस घटना को लेकर विपक्षी पार्टियों ने राज्य की क़ानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.
कांग्रेस और शरद पवार की एनसीपी ने कहा है कि राज्य के मुख्यमंत्री आम लोगों को सुरक्षा देने में नाकाम रहे हैं.
एआईएमआईएम के नेता वारिस पठान ने इसे 'क़ानून व्यवस्था की पूरी विफलता' बताया है.
पुलिस ने क्या बताया

इमेज स्रोत, Sujit JAISWAL / AFP via Getty Images
मुंबई डीसीपी मोहित गर्ग ने मीडिया को बताया कि मुंबई पुलिस ने कई टीमें बनाई गई हैं और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
उन्होंने कहा, "यह घटना उस समय हुई, जब टाइगर श्रॉफ अपनी कार से लौट रहे थे. उन्हें कोई गोली नहीं लगी है और वह पूरी तरह सुरक्षित हैं."
"फ़ॉरेंसिक टीम ने शुरुआती जांच शुरू कर दी है. फिलहाल करीब 15 टीमें इस मामले पर काम कर रही हैं. जैसे-जैसे और जानकारी सामने आएगी, उसे साझा किया जाएगा."
हालांकि पत्रकारों के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा, "इस समय यह बताना उचित नहीं होगा कि कितने राउंड गोलियां चलाई गईं."
समाचार एजेंसी आईएएनएस ने मुंबई पुलिस के हवाले से बताया है कि हमलावरों की पहचान करने और उनके भागने का रास्ता पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी गई है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायज़ा लिया.
'मशहूर हस्तियों की सुरक्षा की समीक्षा होगी'

इमेज स्रोत, ANI
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि उन्होंने जैसी श्रॉफ़ और टाइगर श्रॉफ़ से बात की है.
उन्होंने कहा, "मैंने टाइगर से कहा कि वे चिंता न करें. सरकार उनके साथ है और उन्हें परेशान होने की ज़रूरत नहीं है. हम सभी मशहूर हस्तियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है."
"अगर कोई दूसरों को डराने या धमकाने की कोशिश करेगा, तो पुलिस और सरकार उसे बख़्शेगी नहीं."
विपक्ष ने उठाया क़ानून व्यवस्था का सवाल

कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने एक्स पर लिखा, "अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ की कार पर गोली चलाए जाने की ख़बर बेहद चौंकाने वाली है. मुंबई में आख़िर चल क्या रहा है?"
उन्होंने लिखा, "बाबा सिद्दीकी की हत्या, सलमान ख़ान के घर पर फ़ायरिंग, कई अभिनेताओं और निर्माताओं को धमकियां.. मुंबई में क़ानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. यहां क़ानून का राज नहीं, बल्कि अराजकता है. मुख्यमंत्री पूरी तरह नाकाम रहे हैं."
सचिन सावंत ने आगे कहा, "मुंबई को अपराधियों के ख़ौफ़ में धकेलने वाली सरकार की जनता को निंदा करनी चाहिए."
कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने एक्स पर लिखा, "मुंबई में कानून व्यवस्था की अफ़रा-तफ़री मची हुई है. ख़बरें हैं कि टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी में एक और व्यक्ति घायल हुआ है. क्या अपराधियों को क़ानून का कोई डर बचा है? सरकार और गृह विभाग को मुंबईवासियों की सुरक्षा के बारे में जवाब देना चाहिए."
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार) के नेता रोहित पवार ने अपने फ़ेसबुक पर कहा, "ठाणे में शिवसेना विभागाध्यक्ष प्रदीप पूर्णेकर की गोली मारकर हत्या की घटना अभी ताज़ा है, वहीं मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की खबर बेहद चौंकाने वाली है. सौभाग्य से, टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं."
"लेकिन इससे यह सवाल उठता है कि अगर राज्य के नेता और अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम आदमी की सुरक्षा का क्या होगा? राज्य की क़ानून व्यवस्था कहां चली गई है? अगर राज्य की आर्थिक राजधानी में गुंडों का इतना डर है, तो कौन सा व्यापारी राज्य में निवेश करेगा?"
उन्होंने कहा, "सरकार को पहले राज्य का सुचारू रूप से संचालन करना चाहिए और अगर यह संभव नहीं है, तो गृह मंत्रालय किसी सक्षम मंत्री को सौंप देना चाहिए."
वो बॉलीवुड कलाकार जो रहे हमलावरों के निशाने पर

इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
हाल के समय में फ़िल्म इंडस्ट्री के कई कलाकरों पर हमले हुए हैं, या वो हमलावरों के निशाने पर रहे हैं. इस मामले में फ़िल्म अभिनेता सलमान ख़ान का नाम सबसे अहम है.
अप्रैल 2024 में मुंबई में सलमान ख़ान के घर के बाहर गोली भी चलाई गई थी. इस मामले में पुलिस ने जो चार्जशीट दाख़िल की, उसमें कई बार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने नाम का ज़िक्र है.
पिछले साल जनवरी में अभिनेता सैफ़ अली ख़ान पर उन के घर में रात को चाकू से हमला हुआ था. हमले वो घायल हुए थे और उनकी सर्जरी से होकर गुजरना पड़ा था.
इससे एक साल पहले 2024 में टीवी सीरियल क्राइम पेट्रोल में काम कर चुके कलाकार राघव तिवारी पर भी कथित तौर पर एक रोड रेज की घटना के दौरान हमला हुआ था.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
























