सरफ़राज़ की लंबे इंतज़ार के बाद वापसी, पर इलेवन में जगह के लिए इस खिलाड़ी ने बढ़ाई मुश्किलें?

19 अक्तूबर 2024 को बेंगलुरु में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ सरफ़राज़ ख़ान ने शतक बनाया था

इमेज स्रोत, Abhishek Chinnappa/Getty Images

इमेज कैप्शन, 19 अक्तूबर 2024 को बेंगलुरु में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ सरफ़राज़ ख़ान ने शतक बनाया था
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 5 मिनट

'हो सकता है मैं इसमें फिट न बैठूँ, लेकिन जो कुछ भी मेरे पास है, उसे लेकर मैं पूरी ताकत से लड़ूँगा'.

श्रीलंका के ख़िलाफ़ दो टेस्ट की सिरीज़ में टीम में शामिल ना होने के बाद सरफ़राज़ ख़ान ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर ये पोस्ट किया था.

लेकिन रविवार का दिन उनके लिए ख़ुशी लेकर आया.

श्रीलंका के ख़िलाफ़ दो मैचों की इस टेस्ट सीरीज़ के लिए चोटिल बी साई सुदर्शन की जगह सरफ़राज़ ख़ान को टीम में शामिल किया गया है.

साई सुदर्शन दाएं पैर के अंगूठे में स्ट्रेस रिएक्शन के कारण सिरीज़ से बाहर हो गए हैं. वह बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं और बीसीसीआई के मुताबिक, उनकी रिकवरी अच्छी है.

सिरीज़ का पहला मैच 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा. दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो के एसएससी मैदान पर होगा.

नवंबर 2024 में खेला था आख़िरी टेस्ट

सरफ़राज़ ने साल 2024 में अपना टेस्ट डेब्यू किया था और नवंबर 2024 के बाद से कोई टेस्ट नहीं खेला है

इमेज स्रोत, Abhishek Chinnappa/Getty Images

इमेज कैप्शन, सरफ़राज़ ने साल 2024 में अपना टेस्ट डेब्यू किया था और नवंबर 2024 के बाद से कोई टेस्ट नहीं खेला है

यह सिरीज़ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है. भारत फिलहाल डब्ल्यूटीसी तालिका में पांचवें स्थान पर है. टीम इंडिया ने नौ मैचों में चार जीत दर्ज की हैं जबकि चार मैचों में उसे शिकस्त झेलनी पड़ी है.

टीम में शामिल किए जाने के बाद सरफ़राज़ ख़ान ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की. पोस्ट में उन्होंने दो तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें वह टीम इंडिया की ट्रैवलिंग जर्सी में नज़र आ रहे हैं. एक तस्वीर में सरफ़राज़ अपने पिता के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं.

सरफ़राज़ ने इस पोस्ट के साथ कोई कैप्शन नहीं लिखा. उन्होंने सिर्फ़ इमोजी का इस्तेमाल किया, जिसमें भारतीय झंडे की इमोजी भी शामिल है.

सरफ़राज़ कऱीब दो सालों से टीम में वापसी का इंतज़ार कर रहे हैं. उन्होंने आख़िरी टेस्ट मैच नवंबर 2024 में खेला था.

वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई ने एक्स पर लिखा, "सरफ़राज़ ख़ान की टेस्ट टीम में वापसी देखकर अच्छा लगा. जो खिलाड़ी लंबे समय तक फ़र्स्ट-क्लास क्रिकेट में 65 से ज़्यादा की औसत से रन बनाए, और 11 टेस्ट पारियों में एक बड़ा शतक और तीन अर्धशतक लगा चुका हो, उसे टीम में जगह के लिए ज़रूर विचार किया जाना चाहिए. कई दूसरे, उससे कम बेहतर खिलाड़ियों को शायद इससे ज़्यादा मौके मिले हैं. ख़ासकर उपमहाद्वीप की परिस्थितियों में सरफ़राज़ एक अच्छा विकल्प हैं. आप सहमत हैं?"

सरफ़राज़ का रिकॉर्ड

टीम में जगह पाने के बाद सरफ़राज़ ख़ान ने अपने पिता के साथ तस्वीर शेयर की

इमेज स्रोत, sarfarazkhan97

इमेज कैप्शन, टीम में जगह पाने के बाद सरफ़राज़ ख़ान ने अपने पिता के साथ तस्वीर शेयर की

सरफ़राज़ ने साल 2024 में भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया था. अब तक वह छह टेस्ट खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 37.1 के औसत से कुल 371 रन बनाए हैं. उनके नाम एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं.

आईपीएल में वो फ़िलहाल चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) का हिस्सा हैं. वो 2015 से आईपीएल का हिस्सा हैं. उन्होंने इस फॉर्मेट के 58 मैचों में 22.6 के औसत से 746 रन बनाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 137.4 रहा है.

हालांकि, सरफ़राज़ 2024-25 में ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारत की टेस्ट टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला. इसके बाद पिछले साल इंग्लैंड दौरे के लिए उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया था.

2025 रणजी ट्रॉफी सीज़न में सरफ़राज़ मुंबई के लिए तीसरे सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ रहे. उन्होंने सात मैचों में 53.62 के औसत से 429 रन बनाए थे. कम से कम 50 फर्स्ट-क्लास पारियां खेलने वाले खिलाड़ियों में उनका 64.73 का फर्स्ट-क्लास औसत सबसे बेहतर औसत में से एक है.

चोट से जूझती टीम इंडिया

श्रीलंका दौरे से पहले भारत की टीम चोटों से जूझ रही है. जसप्रीत बुमराह और वॉशिंगटन सुंदर समेत कई अहम खिलाड़ी चोट के कारण सीरीज़ से बाहर हैं.

कप्तान शुभमन गिल ने श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के ख़िलाफ़ टूर मैच की पहली पारी में बल्लेबाज़ी नहीं की थी. हालांकि, भारत के स्पिन गेंदबाज़ी कोच सैराज बहुतुले ने कहा कि यह फैसला एहतियात के तौर पर लिया गया था.

गिल ने दूसरी पारी में बल्लेबाज़ी की और 54 गेंदों पर 44 रन बनाए. उनकी पारी की मदद से भारत ने मैच के आख़िरी दिन लक्ष्य हासिल कर लिया.

बहुतुले ने मैच के बाद कहा, "यह किसी और चीज़ से ज़्यादा एहतियात के लिए लिया गया फैसला था. गिल बिल्कुल ठीक हैं. वह ट्रेनिंग कर रहे हैं और टीम मैनेजमेंट ने पहले दिन उन्हें मैदान पर न उतारने का फैसला किया. दूसरी पारी में जिस तरह उन्होंने बल्लेबाज़ी की, वह शानदार थी और वह टेस्ट मैच के लिए पूरी तरह तैयार हैं."

अंतिम-11 में जगह पाना इतना आसान नहीं

देवदत्त पडिक्कल

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, देवदत्त पडिक्कल ने श्रीलंका दौरे में अभ्यास मैच में शतकीय पारी खेली है
छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
Dinbhar: आवाज़ वही, अंदाज़ नया

देश - दुनिया की बड़ी ख़बरें जिन्होंने बटोरी सुर्खियां.

एपिसोड

समाप्त

टीम में शामिल किए जाने का मतलब यह नहीं है कि सरफ़राज़ को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलना तय है. टीम में जगह पाने के लिए उन्हें कड़े कॉम्पटीशन का सामना करना होगा.

देवदत्त पडिक्कल ने श्रीलंका इलेवन के ख़िलाफ़ वॉर्म-अप मैच में शतक लगाकर अपनी दावेदावी मज़बूत की है. उनके इस प्रदर्शन ने टीम मैनेजमेंट को नंबर 3 की पोज़ीशन के लिए एक और विकल्प दे दिया है.

सरफ़राज़ के पक्ष में यह बात जाती है कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट का अनुभव है. इसके अलावा, घरेलू क्रिकेट में भी उनका रिकॉर्ड काफ़ी मज़बूत है.

हालांकि, पडिक्कल इस सिरीज़ में एक बड़ी सेंचुरी लगाने के बाद चर्चा में हैं. वह बाएं हाथ के बल्लेबाज़ भी हैं, जिससे भारत के टॉप ऑर्डर में लेफ़्ट हैंड-राइट हैंड का कॉम्बिनेशन भी बनता है जो टीम के लिए फ़ायदेमंद साबित हो सकता है. इसलिए नंबर 3 की जगह के लिए मुकाबला काफ़ी दिलचस्प हो सकता है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.