'ट्रोलर्स चालू रहें, भगवान देख रहा है': नमिता थापर नमाज़ को लेकर बनाए वीडियो से सोशल मीडिया पर चर्चा में

नमिता थापर

इमेज स्रोत, namitathapar

इमेज कैप्शन, नमिता थापर को उनके एक वीडियो की वजह से ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा है
पढ़ने का समय: 5 मिनट

फ़ार्मास्युटिकल कंपनी एमक्योर की होल टाइम डायरेक्टर, बिज़नेसवुमन और रियलिटी टीवी शो 'शार्क टैंक इंडिया' की जज नमिता थापर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं.

उनका कहना है कि 'नमाज़ से स्वास्थ्य को होने वाले फ़ायदे' बताने वाली उनकी तक़रीबन एक महीने पुरानी एक रील की वजह से उन्हें काफ़ी ट्रोल किया गया.

अब उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है कि उन्हें काफ़ी समय से एहसास है कि चुप रहना कोई गुण नहीं है और जब किसी का अपमान होता है तो आवाज़ उठानी चाहिए.

साथ में उन्होंने एक वीडियो भी पोस्ट किया जिसमें उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर उन्हें और उनकी मां को गालियों का सामना करना पड़ रहा है.

तक़रीबन एक महीने पहले 25 मार्च को उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक रील पोस्ट की थी जिसमें वो नमाज़ पढ़ने से स्वास्थ्य को होने वाले फ़ायदे के बारे में बता रही हैं.

अब उस वीडियो को लेकर उन्होंने कहा है कि वो काफ़ी समय से योग और उससे स्वास्थ्य पर पड़ने वाले फ़ायदों के बारे में बताती आ रही हैं लेकिन इसकी कभी भी चर्चा नहीं हुई.

उनके इस बयान के बाद उनके समर्थन में सोशल मीडिया पर कई लोग उनका समर्थन कर रहे हैं जबकि कई लोग उनकी आलोचनाएं भी कर रहे हैं.

आइये सबसे पहले जानते हैं कि नमिता थापर ने आख़िर नमाज़ के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले फ़ायदों को लेकर क्या कहा था?

नमाज़ की एक योगासन से तुलना

नमिता थापर

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, नमिता थापर (बाएं) के नमाज़ वाले वीडियो को तक़रीबन 76 हज़ार लोगों ने लाइक किया था
छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
कहानी ज़िंदगी की

मशहूर हस्तियों की कहानी पूरी तसल्ली और इत्मीनान से इरफ़ान के साथ.

एपिसोड

समाप्त

25 मार्च को इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई रील में नमिता कहती हैं, "इस शनिवार को मैंने अपने क़रीबी दोस्तों के साथ ईद का त्योहार मनाया. उन्होंने मुझे बताया कि नमिता तुम स्वास्थ्य के बारे में इतना बताती हो. क्या तुम्हें नमाज़ के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर के बारे में पता है?"

"वाक़ई में ये अविश्वसनीय है. सबसे पहली बात ये फ़ुल बॉडी एक्सरसाइज़ है. ये लचीलेपन के लिए बहुत अच्छा है जिससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है. ये कोहनियों और घुटनों के लिए शानदार है."

नमिता थापर आगे कहती हैं, "दूसरी बात मेंटल हेल्थ के लिए बहुत बढ़िया है क्योंकि इसमें ध्यान केंद्रित करते हो जो एक मेडिटेशन की तरह है. तीसरी बात इसमें आप वज्रासन की तरह भी बैठते हो जो आपके हाज़मे के लिए बहुत अच्छा है."

"सबसे अच्छी बात है कि इसमें आपको दिन में पांच बार उथल-पुथल से ब्रेक मिलता है. इसे सामूहिक तौर पर पढ़ा जाता है जो सोशल कनेक्ट के लिए अच्छा है. हर धर्म में प्रार्थना की अपनी ख़ासियत होती है और अध्यात्म के साथ स्वास्थ्य के फ़ायदे भी बहुत बढ़िया होते हैं."

इस रील को पोस्ट करने के बाद उस पर उनके समर्थन और विरोध में तक़रीबन 7.5 हज़ार कमेंट्स आ चुके हैं.

विपुल पटेल नामक एक यूज़र ने कमेंट करते हुए आरती करने के कई फ़ायदे गिनाए. इस कमेंट को तीन हज़ार से ज़्यादा लोगों ने लाइक किया.

कुशल व्यास नामक एक यूज़र ने लिखा कि "अब अपने उन्हीं दोस्तों को हनुमान चालीसा पढ़ने के फ़ायदों के बारे में बताओ और हमें उनका रिएक्शन बताओ."

इसके अलावा कई लोगों ने उस पर कमेंट करके कहा कि वो अब नमिता को अनफ़ॉलो कर रहे हैं.

इसके साथ ही कई ऐसे लोग भी थे जो उनकी इस रील की तारीफ़ कर रहे थे.

जसकीरत सिंह ने नमिता की ही पोस्ट पर कमेंट किया, "लोग उनसे नाराज़ हो रहे हैं क्योंकि वह अध्यात्मिकता की बात कर रही हैं. लेकिन लोग कहते हैं, हमें हमारी अध्यात्मिकता सिखाओ, उनकी नहीं."

"लेकिन वे यह भी नहीं समझते कि अध्यात्मिकता सिर्फ़ भगवान से जुड़ने का एक तरीक़ा है और भगवान सिर्फ़ एक है, चाहे तुम नमाज़ पढ़ो, आरती करो, गुरुद्वारे में पाठ करो या चर्च में प्रार्थना करो. रास्ता अलग है लेकिन पहुंच सिर्फ़ एक तक है, सिर्फ़ नफ़रत फैलाकर बेवकूफ़ मत बनो."

नमिता ने अब क्या कहा?

नमिता थापर

इमेज स्रोत, namitathapar

इमेज कैप्शन, नमिता थापर ने अपील की है कि उनके इस वीडियो को भी वायरल किया जाए

तक़रीबन एक महीने बाद नमिता थापर ने अपनी रील पर बयान दिया है. उन्होंने सोमवार को इंस्टाग्राम और एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें वो कह रही है कि लोग पिछले तीन हफ़्ते उनके बारे में आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं.

नमिता थापर ने वीडियो में कहा, "नॉन स्टॉप और मेरी डार्लिंग मॉम को भी गंदे-गंदे नाम दे रहे हैं. किस लिए? सिर्फ़ नमाज़ से स्वास्थ्य को होने वाले फ़ायदे पर रील बनाने के लिए."

"मैं हेल्थकेयर प्रोफ़ेशनल हूं. मैंने हिंदू धर्म और उसके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले लाभों पर रील बनाई है. मैं हर योगासन और ख़ासकर सूर्य नमस्कार की रील्स बनाती हूं. तब तो किसी ने कुछ नहीं बोला."

नमिता आगे कहती हैं, "मुझे सिखाया गया है कि हमें सभी धर्मों का सम्मान करना चाहिए. और आप इस तरह सम्मान करते हो. ख़ासकर के महिला को लेकर. आरक्षण बिल पास नहीं हुआ तो सब कहते हैं लेकिन जब दो महिलाओं का ऐसा अपमान होता है तो फिर चुप्पी क्यों? मैं बहुत पहले ही सीख चुकी हूं कि आपके लिए कोई नहीं बोलेगा. आपको अपने लिए ख़ुद बोलना होगा."

"मेरे सभी ट्रोलर्स को कह देना चाहती हूं कि आप चालू रहो लेकिन याद रखना कि मुझे हिंदू होने पर गर्व है और हिंदू धर्म में कर्म की अवधारणा है. आप अपनी अक़्लमंदी से चालू रहो क्योंकि भगवान देख रहा है. उन सभी पढ़े-लिखे गौरवान्वित हिंदू लोगों से कह देना चाहती हूं जो मानते हैं कि सभी धर्मों और महिलाओं का सम्मान होना चाहिए, कि मेरी निगेटिव रील्स बहुत वायरल हो गई अब इसे वायरल करके दिखाइये."

इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई इस रील पर भी अब तक 22 हज़ार से ज़्यादा कमेंट आ चुके हैं. हालांकि इस रील में भी मिली-जुली प्रतिक्रियाएं हैं. कोई उनकी तारीफ़ और मज़बूत बने रहने के लिए कह रहा है तो कोई उन्हें ट्रोल कर रहा है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)